अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में 15 अगस्त को मुलाकात होने वाली है। इस महत्वपूर्ण बैठक से पहले, यूक्रेन में चल रहे युद्ध से संबंधित एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से जारी युद्ध में 1 लाख 21 हजार 507 रूसी सैनिक मारे गए हैं। रूसी मीडिया आउटलेट मेडियाजोना ने बीबीसी रूसी सर्विस के साथ मिलकर इस आंकड़े की पुष्टि की है। यह रिपोर्ट 24 फरवरी 2022 से 31 जुलाई 2025 के बीच की है। जुलाई की शुरुआत में पिछला अपडेट आने के बाद से, 2,353 और रूसी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह संख्या वास्तविक संख्या से कम हो सकती है, क्योंकि यह डेटा अखबारों में छपी खबरों, रिश्तेदारों के सोशल मीडिया पोस्ट, स्मृति में लगाए गए पेड़ों, स्थानीय मीडिया रिपोर्ट और स्थानीय प्रशासन के बयानों जैसे खुले स्रोतों पर आधारित है। रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए लोगों में 33,100 स्वयंसेवक, 18,000 जेल से भर्ती कैदी और 13,300 जबरन भर्ती किए गए सैनिक शामिल हैं। इसके अलावा, 5,400 से ज्यादा अफसर भी मारे जा चुके हैं। यूक्रेन के युद्धबंदी मामलों के मुख्यालय के अनुसार, 12 जून तक, 1 लाख से ज्यादा रूसी परिवारों ने अपने लापता सैनिकों की जानकारी के लिए यूक्रेनी पहल से संपर्क किया। यूक्रेन की जनरल स्टाफ का अनुमान है कि रूस ने 10,65,220 सैनिक खोए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस का नुकसान यूक्रेन के मुकाबले लगभग तीन गुना है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि सिर्फ जुलाई में ही 60,000 रूसी सैनिक मारे गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि यह संख्या करीब 20,000 के आसपास है।