भिलाई नगर निगम ने कथित अवैध प्लॉटिंग मामले में 80 से अधिक किसानों को नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई से किसानों में नाराजगी और चिंता है। किसानों का कहना है कि उन्होंने केवल अपनी जमीन बेची थी, प्लॉटिंग का काम भू-माफियाओं ने किया, इसलिए कार्रवाई उन पर होनी चाहिए।
नगर निगम आयुक्त द्वारा 29 मई को जारी नोटिस में कहा गया है कि किसानों ने नगर निगम क्षेत्र में प्लॉटिंग कर नियमों का उल्लंघन किया है। यह नगर निगम अधिनियम और कॉलोनाइजर नियमों के खिलाफ है। यह मामला जिला दुर्ग के उप पंजीयक के पत्र के आधार पर सामने आया।
निगम ने किसानों को 15 दिन में जवाब देने को कहा है। जवाब न देने पर 3 से 7 साल की कैद और एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। किसान अब कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाने की तैयारी कर रहे हैं।