शिक्षा मंत्री ने दिए संकेत, छत्तीसगढ़ में खुल सकते हैं स्कूल, जल्द लिया जाएगा निर्णय

प्रदेश में जारी अनलॉक की प्रक्रिया के बीच स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने स्कूल खोलने के संबंध में  संकेत दिए हैं। सोमवार को मीडिया से चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा है कि 16 जून के बाद स्कूल खोलने पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा है कि लोगों को आशा तो करनी ही चाहिए। प्रदेश में संक्रमण काफी कम हो रहा है, आगे भी परिस्थितियां ठीक रही तो निश्चित रूप से हम 16 जून के बाद स्कूल खोलने पर विचार कर सकते हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री के इस संकेत के बाद ऐसा माना जा रहा है कि कैबिनेट की बैठक में इस पर जल्द निर्णय लिया जा सकता है। बता दें कि नया शिक्षण सत्र 16 जून से शरू हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए स्कूल खोलने पर निर्णय लिया जा सकता है। हो सकता है कि बड़ी कक्षाओं को प्राथमिकता दी जाए। शिक्षा मंत्री टेकाम ने कहा है कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था का स्तर सुधरा है। पढ़ाई तुंहर द्वार कार्यक्रम को देशभर में सराहा गया है। प्रदेश में शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले जा रहे हैं। गत दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुंगेली के शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल का लोकार्पण किया था, इसके बाद से संख्या 171 हो गई है। शिक्षकों की भर्ती शुरू हुई। उन्होंने कहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी सूची पुरानी है।